अप्रैल से होगा शुरू प्लांट-सॉलिड वेस्ट कलेक्शन एंड प्रोसेसिंग प्लांट का काम 75 फीसदी पूरा, मशीनें भी आईं
अनुराग शर्मा सीहोर
अब ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरे का ढेर नहीं लगा करेगा। हर रोज निकलने वाले 40 टन कचरे के प्रतिदिन निपटान के लिए यहां पर सॉलिड वेस्ट कलेक्शन एंड प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जा रहा है जिसका काम शुरू हो चुका है। इस प्लांट पर 8 करोड़ से अधिक की राशि खर्च किए जाएंगे। इसका करीब 75 फीसदी काम पूरा भी हो चुका है। अप्रैल माह में यह प्लांट काम करने लगेगा। भोपाल-इंदौर बायपास पर स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरे के ढेर लगना शुरू हो गए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर को सुंदर और विकसित करने के लिए नगर पालिका के द्वारा इस वर्ष 318 करोड़ से अधिक का बजट पर कार्य शुरू कर दिया है। जिससे हम आगामी दिनों में शहर का सर्वांगीण विकास करेंगे।
वहीं कचरे का निपाटन करने के लिए यहां सॉलिड वेस्ट कलेक्शन एंड प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जा रहा है जिसका काम शुरू हो चुका है। 8 करोड़ 34 लाख की लागत से तैयार होने वाले इस प्लांट से 24 घंटे में 40 टच कचरे का निपटान किया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर इसकी क्षमता को बढ़ाया जा सकेगा। इस प्लांट के तैयार हो जाने से कचरा निपटान की सुविधा मिलेगी। यानि हर रोज जितना नगर से कचरा निकलेगा उसका उसी दिन निपटान किया जा सकेगा। इसी के साथ कुछ कचरे से खाद का निर्माण भी यहां होगा। इस काम को एक एजेंसी देखेगी।
इस समय अधिकतर कचरे को डोर-टू-डोर लिया जाता है। इसके लिए नगर पालिका करीब दो दर्जन वाहनों से कचरा कलेक्शन का काम किया जा रहा है। इसके अलावा दो ट्राली और जेसीबी और बड़े दो वाहन भी हैं। कचरा कलेक्शन का काम जब से शुरू हुआ है तब से नगर में घूड़ों की संख्या ना के बराबर बची है। पहले सड़कों के किनारे कचरा पड़ा रहता था लेकिन अब इस आदत में सुधार हुआ है। लोग डस्टबिन से वाहनों में कचरा डालने लगे हैं।
इस प्लांट के निरीक्षण के लिए आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास संचनालय भोपाल भरत आर्य संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल संभाग एवं नर्मदा पुरम संभाग सुरेश बेलिया प्रमुख मंत्री अनूप चौरे सहायक यंत्री सचिन कालू पीआईयू स्वच्छ भारत मिशन भोपाल संभाग सुशील कांति द्वारा प्लांट का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर नपाध्यक्ष श्री राठौर के साथ मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेंद्र सिंह पटेल व कार्यपालन यंत्री रमेश कुमार वर्मा से कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त की। नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा पुष्पमाला अर्पण कर स्वागत किया गया भोपाल से निरीक्षण के लिए आए अधिकारी गण द्वारा प्लांट को शीघ्र प्रारंभ करने के साथ कार्य की गुणवत्ता को बनाए रखने के निर्देश दिए।