गुरुवार की सुबह उप्र के शामली जिले के एलम से भारत जोड़ो यात्रा फिर शुरू हुई। जो बाद में कैराना पहुंची। यहां के ऊंचागांव में पांच घंटे का ठहराव रहा। उसके बाद ऊंचागांव से दोपहर में करीब तीन बजे यात्रा फिर शुरू हुई और शाम को पानीपत बॉर्डर से हरियाणा में प्रवेश कर गयी। इससे पूर्व कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ऊंचागांव में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने बताया कि सोनिया गांधी की तबीयत ठीक नहीं है। इसलिए राहुल ने यूपी में यात्रा के साथ रात्रि विश्राम नहीं किया। दिल्ली चले गए। वहीं जयराम रमेश ने बताया कि कांग्रेस ने तय किया है कि यात्रा पूरी होने के बाद 200 यात्रियों को ‘भारत यात्री’ का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयराम रमेश ने कहा कि देश के सामने तीन बड़े खतरे हैं। आर्थिक विषमताएं सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक तानाशाही। उन्होंने आगे कहा कि हमारे प्रधानमंत्री की नीतियों की वजह से इन खतरों का सामना करना पड़ रहा है। ये भारत जोड़ो यात्रा मन की बात नहीं है। राहुल गांधी कम बोलते हैं और ज्यादा सुनते हैं। ये ‘चुनाव जीतो यात्रा’ नहीं है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा नहीं मूवमेंट है। ये चलता रहेगा।