45 किलोमीटर मार्ग को फोरलेन में बदलने के बाद अब सड़क निर्माण की तैयारी, एमपीआरडीसी ने शुरू कराया सफाई कार्य
ग्रामीणों को उम्मीद- सड़क चौड़ी होने से थमेगा हादसों का सिलसिला
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों और ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा करीब 45 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन में तब्दील किए जाने के बाद अब सड़क निर्माण की उम्मीद भी बढ़ गई है। एमपीआरडीसी (मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम) द्वारा हाईवे पर साफ-सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। इसे सड़क निर्माण की तैयारियों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर रोजाना हो रहे हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कई बार सड़क के गड्ढों और संकरे मार्ग के कारण वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। अब फोरलेन सड़क बनने से वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी और आमने-सामने की टक्कर सहित अन्य दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सफाई कार्य के बाद जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू होगा और वर्षों से बदहाल हाईवे की तस्वीर बदलेगी।

अब निर्माण शुरू होने का इंतजार
भोपाल के भानपुर टी-जंक्शन से दीवानगंज, सुखी सेवनिया, सांची-सलामतपुर जंक्शन तक 44.83 किलोमीटर मार्ग को पक्के शोल्डर सहित फोरलेन बनाने की परियोजना की लागत करीब 1757.55 करोड़ रुपए बताई गई है। इसमें सूखी सेवनिया, बेरखेड़ी और सलामतपुर में बायपास भी प्रस्तावित हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्य में अब देरी नहीं की जाए। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और फोरलेन निर्माण तेजी से शुरू किया जाए, ताकि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं से लोगों को राहत मिल सके।
अधिकारियों ने बताया कि बीच रोड से दोनों तरफ 15-15 मी यानी 50-50 फीट लिया जा रहा है। वहीं, बायपास निर्माण वाले क्षेत्रों में सड़क के मध्य से दोनों तरफ 22.5-22.5 मीटर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर संबंधित ग्राम पंचायतों में बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को परियोजना की जानकारी दी जा रही है।
भोपाल को मेट्रोपोलिटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भोपाल-विदिशा मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 1,757.55 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। परियोजना के तहत करीब 44.83 किलोमीटर लंबे मार्ग को पेव्ड शोल्डर के साथ फोरलेन बनाया जाएगा। यह मार्ग भोपाल के अयोध्या बायपास स्थित भानपुर टी-जंक्शन से शुरू होकर सांची-सलामतपुर जंक्शन तक पहुंचेगा। मार्ग में भानपुर, चोपड़ाकला, सुखी सेवनिया, डोब, बालमपुर, दीवानगंज और सलामतपुर सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।

तीन स्थानों पर बनेंगे नए बायपास
फोरलेन परियोजना के तहत यातायात को सुगम बनाने के लिए तीन नए बायपास प्रस्तावित हैं। इनमें सुखी सेवनिया में 1.80 किलोमीटर, बेरखेड़ी में 1.35 किलोमीटर और सलामतपुर में 5.10 किलोमीटर लंबा बायपास बनाया जाएगा। इन बायपास से भारी वाहनों को आबादी वाले क्षेत्रों से बाहर निकालने में मदद मिलेगी। इससे जाम की समस्या कम होने और सड़क हादसों की आशंका घटने की उम्मीद है।
फोरलेन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर संबंधित गांवों में बैठकों के माध्यम से जानकारी दी जा रही है।