– जेल में बंद बंदियों के परिवारजनों ने की मुलाकात, भाइयों को लगाया टीका
– बहनों ने व्यवस्थाओं को लेकर जताया संतोष, सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच हुई मुलाकात
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में भाईदूज का पर्व परंपरागत उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दीपावली के बाद भाईदूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक माना जाता है। इस पावन अवसर पर जहां घर-घर में बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं सर्किल जेल शिवपुरी में निरुद्ध बंदियों के लिए भी यह दिन खास रहा। जेल प्रशासन द्वारा भाईदूज के पर्व पर बंदियों से उनके परिजनों की मुलाकात के लिए विशेष प्रबंध किए गए, ताकि जेल की सलाखों के पीछे बंद भाई भी इस पर्व की खुशी से वंचित न रहें और बहनों का स्नेह पा सकें।
जेल प्रशासन द्वारा भाईदूज के पर्व पर खुली मुलाकात का आयोजन किया गया। इसके लिए सुबह से ही जेल परिसर के बाहर परिजनों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सर्किल जेल में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विस्तृत दिशा-निर्देशों के तहत मुलाकात कराई गई। जेल गेट पर ही परिजनों की पहचान पत्रों की जांच की गई और तलाशी प्रक्रिया के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया गया। मुलाकात के लिए सुबह 8.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। पुरुष बंदियों से मुलाकात के लिए उनके परिवार की केवल महिला सदस्यों तथा 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ही प्रवेश दिया गया। प्रत्येक मुलाकात के लिए अधिकतम 10 मिनट का समय तय किया गया था।
मुलाकात के दौरान भावुक दृश्य भी देखने को मिले। लंबे समय बाद अपने भाइयों से मिलकर कई बहनों की आंखें नम हो गईं। बहनों ने अपने भाइयों को टीका लगाया, मिठाई खिलाई और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। जेल प्रशासन द्वारा पूजा की थाल उपलब्ध कराई गई, जिसमें हल्दी, कुमकुम और चावल थे। परिजनों को केवल 250 ग्राम तक की सूखी मिठाई जैसे गजक, सोनपापड़ी आदि अंदर ले जाने की अनुमति दी गई थी। घर का बना हुआ भोजन ले जाना पूरी तरह मना था। मोबाइल, पर्स और नगद रुपए अंदर ले जाने पर भी प्रतिबंध था।
अपने भाइयों व परिजनों से मुलाकात के लिए आई बहनों ने व्यवस्थाओं को लेकर संतोष जताया और कहा कि वह अपने भाइयों से मिलने के लिए आई हैं। शिवपुरी जिले के राजा की मुड़ेरी मोजड़ी गांव से मिलने आई कल्पना दुबे ने बताया कि उनके भाई जेल में बंद हैं और उन्होंने अपने भाई को यहां पहुंचकर टीका लगाया है और उन्हें आशीर्वाद दिया। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने यहां पर की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन की इस पहल से उन्हें अपने भाई से मिलने का अवसर मिला, जिससे उन्हें काफी खुशी हुई।
सर्किल जेल शिवपुरी के उपअधीक्षक आरएस पांडे ने बताया कि सर्किल जेल शिवपुरी में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के बीच जेल के अंदर यह मुलाकात कराई गई। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। तलाशी प्रक्रिया में परिजनों ने भी पूरा सहयोग किया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जेल प्रशासन की इस मानवीय पहल की सभी ने सराहना की।