– जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो बहनों और उनके चार बच्चों की मौत
– दोनों बहनों के परिवारों का कहना है कि दोनों के बीच गहरा लगाव था
– परिजन बोले -वे अक्सर फोन पर बात करती थीं। परिजन इस घटना को आपसी सदमे से जोड़कर देख रहे हैं
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में बुधवार का दिन दो परिवारों के लिए बेहद दुखद रहा। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो बहनों और उनके चार बच्चों की मौत हो गई। एक ही दिन में एक ही परिवार से जुड़ी छह मौतों से पूरे इलाके में शोक है। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई गांव का है। गांव की रहने वाली सीता रावत (40) बुधवार को अपने तीन बच्चों 14 वर्षीय राखी, 11 वर्षीय प्रियंका और 6 वर्षीय श्लोक के साथ खोंकर गांव स्थित अपने खेत पर गई थी। परिजन के अनुसार वह दोपहर में खेत पर गई थी, लेकिन शाम करीब 6 बजे तक वापस नहीं लौटी।

परिजन को चिंता हुई तो वे खेत की ओर गए। खेत पर पहुंचने पर कुएं के पास चप्पल पड़ी मिली। परिजन ने कुएं में देखा तो अंदर शव दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत कोलारस पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कुएं से शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार रात करीब 11 बजे तक चारों शवों को कुएं से निकाल लिया गया था।
दूसरा मामला बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव से जुड़ा है। यहां बैराड़ की रहने वाली अंजलि (35) और उसके 6 साल के बेटे प्रशांत की मौत हो गई। अंजलि, सीता रावत की छोटी बहन थी। पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे की है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय अंजलि की तीन बेटियां भी साथ थीं। बड़ी बेटी मोनिका ने साहस दिखाते हुए खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को सुरक्षित कर लिया और घर पहुंचकर परिजन को जानकारी दी। इसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। बैराड़ पुलिस ने दोनों के शवों को बरामद कर शिवपुरी जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
दोनों बहनों के परिवारों का कहना है कि दोनों के बीच गहरा लगाव था और वे अक्सर फोन पर बात करती थीं। परिजन इस घटना को आपसी सदमे से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

कोलारस थाना प्रभारी जितेंद्र चंदेलिया ने बताया कि सेसई गांव के मामले में चारों शवों को बरामद कर लिया गया है और गुरुवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बैराड़ थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि गूंगरगांव की घटना में भी मेडिकल पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। दोनों थानों की पुलिस अलग-अलग जांच कर रही है।
गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा है। दोनों गांवों में एक साथ कई अर्थियां उठने से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। प्रशासन की ओर से परिजन को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।