फर्जीवाड़े से रजिस्ट्री कराने का आरोप
रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
नगर परिषद औबेदुल्लागंज के वार्ड क्रमांक 04 स्थित बेशकीमती शासकीय भूमि को हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि नगर पंचायत के भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से सार्वजनिक पार्क और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोग होने वाली सरकारी जमीन पर फर्जी कब्जा दिखाकर निजी नाम पर अवैध रजिस्ट्री करा दी गई।

स्थानीय नागरिकों द्वारा कलेक्टर रायसेन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, जिस जमीन पर कभी किसी का निजी कब्जा नहीं था और जहां नगर परिषद द्वारा बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया था, वहां सांठगांठ कर फर्जी कब्जे की रसीदें और मनगढ़ंत मकान रिकॉर्ड तैयार किए गए। यही नहीं, पूरे खेल को छिपाने के लिए औबेदुल्लागंज के बजाय रायसेन जाकर गुपचुप तरीके से रजिस्ट्री कराई गई, जिससे मिलीभगत की पुष्टि होती है।

शिकायतकर्ताओं ने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र व निष्पक्ष उच्चस्तरीय एजेंसी से जांच कराने, अवैध रजिस्ट्री तत्काल निरस्त कर भूमि को शासन हित में सुरक्षित करने तथा संलिप्त अधिकारियों व भू-माफियाओं पर कठोर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।