रायसेन। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत 15 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर रायसेन में जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत CEO कमल सोलंकी , सांची विधानसभा के विधायक प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता जमना सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सांची विधानसभा के विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर की गई। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इसके पश्चात अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर जनजागरूकता रैली को रवाना किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।
रायसेन पुलिस द्वारा अभियान के दौरान जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, संवाद, शपथ कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।