मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्राम पंचायत अंबाडी ने गांव के श्मशान घाट के कायाकल्प का कार्य शुरू कर दिया है। वर्षों से उपेक्षित पड़े श्मशान घाट को अब आधुनिक और सुविधायुक्त बनाया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पंचायत द्वारा श्मशान घाट परिसर में साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्ग, चबूतरा, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बारिश के मौसम में होने वाली दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए भी आवश्यक निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले श्मशान घाट पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, जिससे अंतिम संस्कार के समय काफी परेशानियां होती थीं। पंचायत की इस पहल से अब लोगों को सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
अंबाडी सरपंच कुंती रमेश कुमार अहिरवार ने बताया कि पंचायत का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि ग्रामीणों को जीवन की हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत श्मशान घाट का कायाकल्प कराया जा रहा है। शमशान घाट के चारों ओर पौधे रोपण भी किए जा रहे हैं ताकि यह बड़े होकर पेड़ बन सके और लोगों को इसकी छाया मिले कार्य पूरा होने के बाद यह परिसर पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और उपयोगी दिखाई देगा।
गांव के लोगों ने पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित का महत्वपूर्ण कार्य बताया है। उनका कहना है कि श्मशान घाट जैसी सार्वजनिक जगहों का विकास भी गांव के समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।