40 सीटर में 60 से ज्यादा यात्री ठूस ठूस ठूस बिठाए थे
रायसेन । शनिवार शाम 6 एक ओवरलोड बस ने सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग मोहन रैकवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बस का चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए, जबकि यात्रियों और स्थानीय लोगों ने बस रोककर विरोध प्रदर्शन किया।
यात्रियों से खचाखच भरी बस ने पीछे से बुजुर्ग मोहन रैकवार को टक्कर मारी। बताया गया कि 40 सीटर बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे, जो शादियों के सीजन के चलते क्षमता से कहीं ज्यादा थे।
चालक के फरार होने के बाद यात्रियों ने भी विरोध जताया। वे दूसरी बस का इंतजार करते रहे, जिससे छोटे बच्चों सहित सभी यात्री परेशान हुए। यात्रियों ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार में थी। गनीमत रही कि बस पलटने से बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने यात्रियों और लोगों को समझाया। यात्री भोपाल जाने के लिए दूसरी बस बुलाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने खुद बस चलाकर थाने पहुंचाया और उसे जब्त कर लिया। बस सागर से भोपाल जा रही थी।
अक्षय तृतीया के चलते इन दिनों बसें क्षमता से अधिक यात्रियों को ढो रही हैं। बस चालक समय पर पहुंचने के लिए बसों को तेज रफ्तार से चला रहे हैं। जिला परिवहन अधिकारी जगदीश सिंह भील द्वारा अब तक ऐसी ओवरलोड बसों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।