रविवार शाम दोनों बच्चे नहाने के लिए गए थे,
रात में घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजा, देर रात मिले शव
धीरज जॉनसन
दमोह: जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आने वाले गांव बोतराई में रविवार रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, गांव के दो मासूम बच्चे खेत में बने बारिश पानी की खंती (छोटी तलैया) में डूब गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। पूरे गांव में गम का माहौल बना रहा।

मासूम देवीदास पिता हरिसिंह आदिवासी 07 और नारायण पिता रूपसिंह आदिवासी 07 रविवार शाम करीब 5 बजे नहाने के लिए निकले थे। परिवार के लोग भी भूल गए कि उनके बच्चे नहाने गए हैं। रात करीब 8 बजे तक जब दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे, तो गांव के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की। किसी ने खेत के पास पानी से भरी तलैया में उन्हें देखा था, उनके कपड़े बाहर रखे मिले और एक बच्चे का शव पानी में दिखाई दिया, इसके बाद स्थानीय गोताखोर करीब एक घंटे तक मशक्कत करते रहे, तब दूसरे मासूम का शव मिल पाया जिसे पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल पहुंचाया गया, परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।