दीवानगंज के पास खेजड़ा जमुनिया में स्थित वेलस्पन कंपनी के कोटिंग प्लांट में भीषण आग, लाखों का नुकसान
– फायर ब्रिगेड की कमी पर फिर उठे सवाल
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले के दीवानगंज क्षेत्र में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। जमुनिया खेजड़ा के पहाड़ पर स्थित वेलस्पन कंपनी के कोटिंग प्लांट में अचानक अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बालमपुर एयरफोर्स की दो फायर ब्रिगेड और भोपाल से चार दमकल वाहन, फैक्ट्री में मौजूद आग बुझाने वाले संयंत्र से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से प्लांट में रखा उपकरण, मशीनरी और रॉ मैटेरियल जलकर राख हो गया। आग से प्लांट में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। आग कैसे लगी या जांच के बाद ही पता चल सकेगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गर्मी की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। इससे पहले कुलहड़िया, नरखेड़ा, अंबाडी, मुस्काबाद और कयामपुर के पहाड़ी इलाकों में भी आग लग चुकी है।

हर साल आग के कारण किसानों की फसलें जलकर राख हो जाती हैं और जंगलों को भी भारी नुकसान पहुंचता है।
इस घटना के बाद एक बार फिर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि कई वर्षों से दीवानगंज क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। समय पर दमकल नहीं पहुंचने से हर साल नुकसान बढ़ता जा रहा है। जब भी फायर ब्रिगेड को सूचना देते हैं तो फायर ब्रिगेड दीवानगंज तक पहुंचने में लगभग 1 घंटा लग जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दीवानगंज चौकी पर स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सके और जन-धन की हानि को रोका जा सके। ग्रामीणों ने बताया कि फायर ब्रिगेड को सूचना देने पर 25 किलोमीटर दूर सांची या 31 किलोमीटर दूर रायसेन से फायर ब्रिगेड जब तक दीवानगंज में पहुंचती है तब तक काफी हानि हो जाती हैं।