Let’s travel together.

लोक और देश सेवी पत्रकारिता समय की मांग : राज्यपाल श्री पटेल

0 21

भोपाल।  राज्यपाल ने हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्षों पर किया सम्मान कार्यक्रम का आयोजन माधवराव सप्रे स्मृति समाचार पत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान द्वारा किया।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि पत्रकारिता समाज, देश और दुनिया की गतिविधियों से आमजन को प्रतिदिन परिचित कराती है। समस्याओं को उजागर कर उनका समाधान प्रस्तुत करती है। नए परिवर्तनों और भविष्य के दिशा-दर्शन पर चर्चा और चिन्तन को प्रोत्साहित करती है।

राज्यपाल श्री पटेल ने हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर सभी हिन्दी प्रेमियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हिंदी के पहले समाचार पत्र ‘उदंत मार्तण्ड’ की संपादकीय में “हिंदुस्तानियों के हित” को पत्रकारिता का लक्ष्य बनाया था,वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। पत्रकारिता का स्वरूप हमेशा जन कल्याणकारी, समाज सेवी और राष्ट्र हितैषी हो, यह समय की महती आवश्यकता भी है।

 

राज्यपाल श्री पटेल बुधवार को माधवराव सप्रे स्मृति समाचार पत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान भोपाल द्वारा हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने माधव राव सप्रे सम्मान से लोकमत समाचार पत्र के वरिष्ठ संपादक श्री विकास मिश्र को, महेश गुप्ता सृजन सम्मान से श्री अरूण नेथानी को और अशोक मानोरिया पुरस्कार से डॉ. बृजेश शर्मा को सम्मानित किया।

 

स्वतंत्रता, समाज सुधार, स्वावलंबन में हिन्दी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण योगदान

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि आयोजन का प्रसंग अतीत पर गर्व के साथ पत्रकारिता के भविष्य के लिए अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का अवसर है। यह केवल एक भाषा या माध्यम की यात्रा नहीं है, बल्कि यह भारत की चेतना, संघर्ष, संस्कृति और विकास की जीवंत और प्रेरक गाथा के स्मरण के द्वारा भविष्य के पथ के आलोकन का प्रसंग है। उन्होंने कहा कि भारत के नव-जागरण और समाज सुधार की अलख जगाने, स्वाधीनता आन्दोलन को जन-मानस से जोड़ने, स्वदेशी, स्वावलंबन और संस्कारवान राष्ट्र निर्माण में हिन्दी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भारतीयता की समृद्ध परंपरा के आधार पर हिन्दी पत्रकारिता को जनहित और राष्ट्रहित की दिशा में और अधिक मजबूत बनाने के लिए संकल्पित होने का आह्वान भी किया। राज्यपाल श्री पटेल ने आधुनिक हिन्दी भाषा और पत्रकारिता को शून्य से शिखर तक पहुँचाने वाले सभी महान कवियों, लेखकों, संपादकों और विद्वानों का पुण्य स्मरण किया।

सच की राह कठिन पर भरोसा सच से ही

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि पत्रकारिता की असली पहचान, उसकी सच्चाई खोजने की क्षमता में ही है। भले ही सच की राह कठिन हो, पर भरोसा सत्य से ही मिलता है। डिजिटल युग ने फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाएँ और ब्रेकिंग न्यूज की अंधी दौड़ में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, तटस्थता और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने की अनेक चुनौतियां खड़ी की है। साथ ही रोजगार, कौशल और नवाचारों की अपार संभावनाओं के द्वार भी खोले हैं। उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि ग्रॉफिक्स, वीडियो, पॉडकास्ट, वेब साइट, मोबाइल ऐप आदि डिजिटल माध्यमों के जरिए हिन्दी पत्रकारिता के रचनात्मक पहलुओं से भावी पीढ़ी को जोड़ा जाए।

राज्यपाल श्री पटेल ने कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश शंकर विद्यार्थी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पण कर किया। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री पटेल का अंगवस्त्र और ग्रंथ भेंट कर अभिनंदन किया गया। स्वागत उद्बोधन माधवराव सप्रे स्मृति समाचार पत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान के संस्थापक एवं पद्मश्री से सम्मानित श्री विजयदत्त श्रीधर ने दिया। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरू श्री एस.के. जैन और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सप्रे संग्रहालय समिति के अध्यक्ष डॉ. शिव कुमार अवस्थी, जनसंपर्क विभाग के सेवा निवृत्त अपर संचालक श्री रज्जु राय और श्री सुरेश गुप्ता, हिन्दी पत्रकारिता से जुड़े विद्वान, पत्रकार, हिन्दी प्रेमी और पाठकगण मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

लोक और देश सेवी पत्रकारिता समय की मांग : राज्यपाल श्री पटेल     |     रायसेन जिले के बाड़ी नगर में 500 वर्षों से स्थापित मां हिंगलाज देवी का मंदिर बना आस्था का केंद्र     |     मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ     |     साँची विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रोफेसर यज्नेश्वर एस. शास्त्री ‘दर्शन रत्न’ से सम्मानित     |     निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा 36 से अधिक युवाओं का किया गया प्रारंभिक चयन     |     रायसेन किसान महाकुम्भ की तैयारी,केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने लिया जायजा     |     श्रीमती अर्चना बागड़ी छात्रावास संचालन, उत्कृष्ट स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं के लिए सम्मानित     |     कृषक उत्पादक सहकारी संस्था  सांची द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित     |     दो दिवसीय रंगभूमि नाट्य महोत्सव का समापन     |     सीएम हाउस के वैभव पर भारी पड़ी कृषक की आत्मीयता     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811