सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर में सोने-चांदी की दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि मुख्य आरोपी महिलाएं अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और चोरी हुए पूरे जेवरात बरामद नहीं हो सके हैं।
जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को फ़रियादी गौरव सोनी (32 वर्ष) निवासी किसानी मोहल्ला, ग़ैरतगंज ने थाना ग़ैरतगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामजानकी मार्केट स्थित उसकी सोने-चांदी की दुकान से पांच अज्ञात महिलाएं सोने के आभूषणों से भरा एक बॉक्स चोरी कर ले गईं। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 73/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी बेगमगंज सोनाली गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गैरतगंज डी.पी. लोहिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के क़रीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फ़ुटेज खंगाले।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाएं सफ़ेद रंग की होंडा अमेज कार (RJ20CC7939) से ग़ैरतगंज आई थीं और घटना के तुरंत बाद उसी कार से वापस चली गईं। तकनीकी साक्ष्य और मुख़बिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम को राजस्थान भेजा गया।
पुलिस ने 12 मार्च 2026 को राजस्थान के बारां जिले से घटना में प्रयुक्त होंडा अमेज कार के साथ वाहन चालक भरत बागरी (32 वर्ष) निवासी ग्राम बमुलियाचकला, थाना अंता जिला बारां (राजस्थान) को गिरफ़्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी से करीब 120 ग्राम सोने के आभूषण (लगभग 20 लाख रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त कार (करीब 5–6 लाख रुपये) जब्त की गई है। कुल मिलाकर लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि चोरी हुए पूरे जेवरात अभी बरामद नहीं हुए हैं और मुख्य आरोपी पांचों महिलाएं अभी फ़रार हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश लगातार जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डी.पी. लोहिया, उपनिरीक्षक सुनंदा खरे, उपनिरीक्षक संदीप पवार, सहायक उपनिरीक्षक कफ़ील शेख़, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र धाकड़, प्रधान आरक्षक रणविजय राय, आरक्षक भरत दांगी, अजय सिंह राणा तथा शुभम चढ़ार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।