अभिषेक असाटी बकस्वाहा
सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से 28 फरवरी 2026 को एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से वर्चुअल माध्यम से की गई। कार्यक्रम के तहत बकस्वाहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष आयोजन कर पात्र किशोरी बालिकाओं को टीका लगाया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीकाकरण केवल उन किशोरियों के लिए है, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है और अभी 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। इस आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है। चिकित्सकों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी मानी जाती है और समय पर टीकाकरण से भविष्य में गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
तहसीलदार भरत पांडे और बीएमओ डॉ. सत्यम असाटी ने संयुक्त रूप से अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को निर्धारित आयु में टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान बेटियों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य अमले ने भी अधिक से अधिक पात्र किशोरियों तक पहुंचने का संकल्प लिया है।