मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची ब्लॉक के दीवानगंज, सेमरा, कुलहड़िया, नरखेड़ा,संग्रामपुर, करैया, गिदगढ़,बालमपुर, देहरी, कयामपुर अंबाडी सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में होली की तैयारियां तेज शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने ‘मलरिया’ बनाना किया प्रारंभ कर दिया है। अब होली में लगभग एक सप्ताह का समय शेष रह गया है, ऐसे में गांवों में पारंपरिक रूप से बनाए जाने वाले ‘मलरिया’ (होली दहन के लिए लकड़ी-उपलों का ढेर) तैयार किए जाने लगे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी गांव के चौक-चौराहों और निर्धारित स्थानों पर लकड़ी, उपले और सूखी झाड़ियों को एकत्र कर ‘मलरिया’ बनाया जा रहा है। होली के दिन शुभ मुहूर्त में इन मलरिया का विधिवत पूजन कर दहन किया जाएगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। ग्रामीण महिलाएं और बच्चे भी इस परंपरा में उत्साह से भाग लेते हैं और घर-घर से लकड़ी-उपले लाकर मलरिया में जोड़ते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि होलिका दहन के बाद अग्नि की परिक्रमा कर नई फसल (गेहूं-चना की बालियां) सेंककर प्रसाद रूप में ग्रहण किया जाता है, जिससे समृद्धि और अच्छी पैदावार की कामना की जाती है।