गीदगढ़–महुआखेड़ा गौशाला में मृत मिला तेंदुआ, पीएम के बाद अंतिम संस्कार, फिर बालमपुर के जंगल में दिखा बाघ
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले में परिक्षेत्र रायसेन अंतर्गत बीट मुश्काबाद के पास महुआखेड़ा गौशाला के समीप झाड़ के जंगल में एक तेन्दुआ मृत होने की सूचना हुई थी। वनमण्डलाधिकारी सामान्य वनमण्डल रायसेन श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि सूचना प्राप्त होने ही तत्काल वन स्टॉफ को मौके पर रवाना किया गया एवं क्षेत्र के आसपास सघन गश्ती कराई जाकर तत्काल मुख्यालय को सूचित किया गया।
प्रकरण में वन अपराध क्रमांक 47389/19 दिनांक 23 फरवरी को पंजीबद्ध किया जाकर प्रकरण को विवेचना में लिया गया। मृत तेन्दुए का 24 फरवरी 2026 को निर्धारित एसओपी अनुसार शव विच्छेदन एवं पूर्ण विनष्टीकरण कराया गया।गीदगढ़ महुआखेड़ा स्थित गौशाला परिसर में मृत मिले तेंदुए का मंगलवार को वन विभाग द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम वन अधिकारियों एवं तहसीलदार की मौजूदगी में किया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने नियमानुसार तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या किसी अन्य वजह से। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ कुछ दिन पहले से ही क्षेत्र में देखा जा रहा था।

भदभदा–वेलस्पन जंगल में बाघ की मौजूदगी, ग्रामीणों में दहशत
इधर भदभदा और वेलस्पन कंपनी के जंगल क्षेत्र में बाघ देखे जाने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बालमपुर घाटी में बाघ ने शिकार भी किया था।
इसके बाद कयामपुर क्षेत्र में दो दिन लगातार तेंदुआ और बाघ दोनों के देखे जाने की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है। लगातार वन्यजीवों की गतिविधि से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। बाघ और तेंदुआ लगातार दीवानगंज क्षेत्र के जंगलों में देखा जा रहा है और दोनों वन्य जीव जीवों द्वारा लगातार पशुओं का शिकार भी कर रहे हैं। अभी तक 35 से 40 पशुओं का शिकार कर चुके हैं।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और गांवों के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि की आशंका न हो।