मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेमरा के गायत्री मंदिर में चल रहे एक सप्ताह से गायत्री महायज्ञ और शिव पुराण कथा में महाशिवरात्रि पर शिव जी को तीन बार सुबह ,दोपहर और देर रात दूध, दही, घी, शहद, मक्खन सहित विभिन्न पूजन सामग्री से विधि-विधानपूर्वक महाअभिषेक कराया गया। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल महायज्ञ का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु आहुति देकर धर्म लाभ ले रहे हैं।

शिव पुराण कथा के दौरान कथावाचक द्वारा गायत्री माता के स्वरूप, शक्ति और महिमा का विस्तार से वर्णन किया गया। कथा में बताया गया कि गायत्री माता समस्त वेदों की जननी तथा सृष्टि की मूल चेतना हैं, जिनकी उपासना से ज्ञान, शक्ति और सद्बुद्धि की प्राप्ति होती है।
आयोजकों के अनुसार कथा अवधि तक नियमित रूप से यज्ञ, भजन-कीर्तन और पूजन कार्यक्रम चलते रहेंगे।