मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम पंचायत अंबाडी के मुख्य मार्ग पर इन दिनों कचरे का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जिससे आसपास के मोहल्ले में रहने वाले लोग बदबू और गंदगी से परेशान हैं। विडंबना यह है कि जिस स्थान पर कुछ महीने पहले पंचायत द्वारा “माय लव अंबाडी” का बोर्ड लगाया गया था और जिस पर स्वच्छता का संदेश व स्वच्छ गांव रखने के स्लोगन लिखे गए हैं, उसी बोर्ड के पास ग्रामीणों द्वारा लगातार कचरा फेंका जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। पास में स्थित अयोध्या धाम मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि पंचायत की कचरा गाड़ी रोजाना गांव में घूमती है, इसके बावजूद कुछ लोग खुले में कचरा फेंक रहे हैं, जिससे स्वच्छता अभियान की भावना पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने पंचायत से नियमित सफाई कराने और खुले में कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। जबकि इसी रास्ते से होकर 20 गांव के ग्रामीण रेलवे स्टेशन दीवानगंज तक पहुंचाते हैं।