मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्राम पंचायत अंबाडी में स्थित एक हेड पंप बार-बार खराब होने के कारण मोहल्ले के लोगों को लंबे समय से पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह हेड पंप पिछले एक साल में तीन बार खराब हो चुका है। हर बार कर्मचारियों द्वारा मरम्मत की गई, लेकिन सुधार के दूसरे ही दिन फिर से खराब हो जाने की शिकायत सामने आई।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में हेड पंप पिछले लगभग छह महीनों से पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे मोहल्ले के लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। खासकर तब स्थिति गंभीर हो जाती है जब नल-जल योजना के तहत पानी की सप्लाई बंद रहती है। ऐसे समय में ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
मोहल्लावासियों ने संबंधित विभाग और पंचायत प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि बार-बार की समस्या से राहत मिल सके और लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।