मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम अम्बाडी स्थित अयोध्या धाम मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम के तहत बाबा भोलेनाथ का महाअभिषेक एवं हल्दी-मेहंदी की रस्म विधि-विधान से प्रारंभ होगी। इसके पश्चात पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा, जब बाबा भोलेनाथ की भव्य शिव बारात ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक राई नृत्य के साथ पूरे ग्राम में भ्रमण करेगी।
शिव बारात अयोध्या धाम मंदिर से प्रारंभ होकर गणेश चौक, शिव मंदिर, चांदनी चौक और श्री राम जानकी साहू समाज अम्बाडी से होते हुए पुनः अयोध्या धाम मंदिर पर समापन होगी। मंदिर परिसर में बाबा महाकाल एवं माता पार्वती की वरमाला की रस्म भी सम्पन्न कराई जाएगी। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी भोग का वितरण किया जाएगा।
इस आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां जोरों पर हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।