मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड की ग्राम पंचायत अंबाडी के सत्ती टोला गांव में संकल्प से समाधान शिविर लगा। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। शिविर में कुल 40 आवेदन आए। इनमें से 30 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। बाकी 10 आवेदनों पर काम जारी है। संबंधित विभागों ने एक सप्ताह में समाधान का भरोसा दिया है। इससे पहले शुक्रवार को भी अंबाडी पंचायत में शिविर हुआ था। उस दिन 126 आवेदन मिले थे। इनमें से 110 का तत्काल निराकरण किया गया। बाकी आवेदनों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जनसामान्य को शासन की जन और हितग्राहीमूलक योजनाओं का सुगमता से लाभ उपलब्ध कराने और आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर आमजन के आवेदनों का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
सरपंच कुंती रमेश कुमार अहिरवार, सचिव लीला किशन अहिरवार और सह सचिव पंकज बेदी ने बताया कि शिविर में पेयजल, बिजली, आवास, सड़क, पेंशन और राशन कार्ड से जुड़े आवेदन आए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने कई समस्याओं का तुरंत समाधान किया।