विभिन्न स्तरों पर शिकायतकर राशि भुगतान हेतु दबाव बनाने पर प्रभारी जिला पंचायत सीईओ ने लिया एक्शन,जांच में निराधार पाई शिकायत
– कलेक्टर की जनसुनवाई में भी हल्केराम ने किया हंगामा
हल्केराम को पूर्व में ही पूर्ण राशि का किया जा चुका है भुगतान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची जनपद के ग्राम बांसखेडा निवासी हल्केराम पिता मुन्नालाल द्वारा पंचायतों में कराए गए निर्माण कार्यो की बकाया राशि के भुगतान हेतु विभिन्न स्तर पर दिए गए शिकायती आवेदन पर अपर कलेक्टर एवं प्रभारी जिला पंचायत सीईओ मनोज उपाध्याय द्वारा जांच कर निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में भी उसने हंगामा खड़ा किया।
सांची जनपद पंचायत के सीईओ ने बताया कि शिकायतकर्ता हल्केराम आत्मज मुन्नालाल ग्राम बांसखेड़ा ग्राम पंचायत शाहपुर जनपद पंचायत सांची द्वारा कराए गए निर्माण कार्यो की बकाया राशि 6.25 लाख रूपए हेतु अपने स्तरों पर कई बार शिकायत की जा रही है। सांची जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता हल्केराम द्वारा की गई शिकायतों की जांच में नाली निर्माण कार्यो हेतु स्वीकृति राशि 2.73 लाख रू में से हल्केराम से तय की गई मजदूरी की राशि 45 हजार रू का पूर्ण भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार आंगनवाड़ी भवन भरतीपुर मरम्मत में से हल्केराम से तय की गई राशि दस हजार रू का पूर्ण भुगतान एवं तीन नाडेप निर्माण की मजदूरी प्रति नाडेप राशि चार हजार रू के मान से कुल मजदूरी राशि 12 हजार रू का पूर्ण भुगतान कर दिया गया है।
सांची जनपद पंचायत सीईओ ने बताया कि शिकायतकर्ता हल्केराम द्वारा अनैतिक रूप से उक्त निर्माण कार्यो की कुल राशि की आधारहीन मांग बार-बार की जाकर ग्राम पंचायत पर अनुचित दबाव बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर झूठी शिकायत की जा रही है। जबकि ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्यो की हल्केराम से तय मजदूरी की कुल राशि 67 हजार रू का पूर्ण भुगतान संबंधित को किया जा चुका है। जांच अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन अनुसार श्री हल्केराम को उक्त निर्माण कार्यो की कोई भी राशि भुगतान किया जाना शेष नहीं है।