स्वदेशी जागरण की पदाधिकारियों ने किया युवाओं को संबोधित
डॉ अनिल जैन दमोह
स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर प्राचार्य डॉ आलोक जैन के नेतृत्व में रन फॉर स्वदेशी कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय के मुख्य गेट से किल्लाई नाका तक दौड़ आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों के साथ प्राध्यापकों, सह प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि विद्वान और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ भाग लिया। इस दौरान वंदेमातरम, इंकलाब जिंदाबाद और भारत माता की जय और स्वदेशी जागरण संबंधी नारों से आसमान गूंज उठा।

इस दौड़ में स्वदेशी जागरण मंच की जिला सह संयोजक डॉ प्रिया खरे, जिला महिला आयोग प्रमुख डॉ मोनिका पालीवाल और जिला महिला सह आयोग प्रमुख श्रीमती ऋतु अग्रवाल ने भी भाग लिया। डॉ मोनिका पालीवाल ने युवाओं को भारत को आत्मनिर्भर बनाने तथा हर व्यक्ति के स्वावलंबन के लिए स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया और सर्किल में युवाओं को संबोधित किया। वहीं डॉ प्रिया खरे ने स्वदेशी अपनाने और स्वदेशी जागरण के लिए शपथ दिलाई। रन फॉर स्वदेशी के पूर्व महाविद्यालय परिसर में क्रीड़ा अधिकारी डॉ वी पी सिंह ने सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें उपस्थित जनों ने सूर्य नमस्कार किया।

सूर्य नमस्कार के बाद स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर पर वक्ताओं और विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। प्राचार्य डॉ आलोक जैन ने कहा कि के स्वामी विवेकानंद जी युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं हमें उनके सिद्धांतों को और उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए युवा शक्ति ही भारत को समृद्ध बना सकती है युवाओं को अपने दायित्वों को अपने कर्तव्यों को समझना चाहिए और देश के लिए अपना योगदान देना चाहिए।

डॉ हरिओम दुबे, डॉ पवन जैन, डॉ रमेश अहिरवार सहित एन एस एस के विद्यार्थी निवेश बी प्रसाद और कुं वंदना पटेल ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ इंदिरा जैन ने किया। इस दौरान एनएसएस., एन सी सी के विद्यार्थियों के अतिरिक्त महाविद्यालय के स्टाफ की उपस्थिति रही।