– गैरतगंज में कथा के समापन पर पंडित नवीन बिहारी महाराज ने राज्याभिषेक प्रसंग पर दिए प्रेरक प्रवचन
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर में चल रही श्रीराम कथा में समापन बेला पर राज्याभिषेक प्रसंग का सजीव वर्णन किया गया। कथा व्यास पंडित नवीन बिहारी महाराज ने भगवान श्रीराम के अयोध्या में राज्याभिषेक की कथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि यह प्रसंग सत्य, धर्म और मर्यादा की विजय का प्रतीक है। कथा श्रवण के दौरान पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

श्रीराम कथा का आयोजन नगर के माता मंदिर मार्ग स्थित मानस प्रांगण में किया जा रहा है। आयोजन के सातवें दिवस की समापन बेला की कथा में प्रवचन देते हुए पंडित नवीन बिहारी महाराज ने कहा कि भगवान राम का राज्याभिषेक आदर्श शासन व्यवस्था की स्थापना का प्रतीक है, जहां प्रजा के सुख-दुख को सर्वोपरि रखा गया। रामराज्य की अवधारणा आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है, जिसमें न्याय, करुणा और समानता का भाव निहित है। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
समापन बेला की कथा के दौरान राम-सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के आदर्श चरित्रों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे और उन्होंने कथा का लाभ प्राप्त किया।