देवेन्द्र तिवारी सांची, रायसेन
रामलीला मैदान में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत नगर परिषद के तत्वावधान में विविध खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों स्कूली छात्र–छात्राओं, शिक्षकों के साथ ही नगर के व्यापारी एवं पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर आयोजन को और अधिक रोचक बना दिया।
आयोजन में रस्साकशी, नींबू दौड़, कुर्सी दौड़ सहित अनेक मनोरंजक खेलों का संचालन किया गया। सबसे रोमांचक मुकाबला पत्रकार संगठन एवं व्यापार महासंघ की संयुक्त टीम और नगर परिषद टीम के बीच रस्साकशी का रहा, जिसमें पत्रकार–व्यापारी टीम ने परिषद टीम को बड़े अंतर से पराजित कर शील्ड अपने नाम की।
इसके पश्चात स्कूली छात्रों ने वार्डवार टीमें बनाकर विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। विजेता वार्डों की टीमों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहने वालों को क्रमशः 1,000 रुपए की नकद राशि प्रदान की गई। कुल 15 वार्डों की विजेता टीमों को कुल 15,000 रुपए की राशि वितरित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत ने विधिवत रूप से किया। उपाध्यक्ष राजपूत ने खेलों के महत्व एवं सहभागिता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किए जाने की बात कही। स्वास्थ्य विभाग की बीएमओ ने भी स्वस्थ जीवन के लिए खेलों की उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी। समय–समय पर ऐसे आयोजन किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रतियोगिताओं में शामिल सभी प्रतिभागियों की सराहना की।
इस अवसर पर पार्षदगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।