जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा की अगुवाई में सेवा पखवाड़ा आत्मनिर्भर भारत हेतु संकल्प बैठक संपन, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल व विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने किया संबोधित
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में बुधवार को सेवा पखवाड़ा और आत्मनिर्भर भारत संकल्प को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने की।
जिला अध्यक्ष ने अपेक्षित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन तथा 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर तक विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें स्वच्छता अभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, प्रधानमंत्री के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन, प्रबुद्ध वर्ग संवाद, दिव्यांग एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान, ‘वोकल फॉर लोकल’ का प्रचार-प्रसार, पुस्तकों का वितरण, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता, मोदी विकास मैराथन, प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर प्रत्येक बूथ पर वृक्षारोपण और कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्री शर्मा ने कहा कि भारत की आत्मनिर्भरता के लिए स्वदेशी उत्पादों का उपयोग आवश्यक है। त्यौहारों पर सभी कार्यकर्ता और नागरिक भारत में निर्मित सामान ही खरीदें, तभी देश मजबूत बनेगा।

इस अवसर पर राज्य स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने आत्मनिर्भर भारत और सेवा पखवाड़ा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष पर लिए गए पांच संकल्प सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्य पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
वहीं सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने भी संबोधन देते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा विस्तारपूर्वक बताई।
बैठक का शुभारंभ जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, महामंत्री रविंद्र विजयवर्गीय, राजेश पंथी, नेपाल सिंह राजपूत, वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष केशव पटेल और कार्यालय मंत्री जीतू ठाकुर द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष राकेश तोमर ने किया तथा आभार प्रदर्शन महामंत्री रविंद्र विजयवर्गीय ने किया।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल टोली के सदस्य, सभी मोर्चों के जिला अध्यक्ष, नगर पालिका व नगर परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तथा जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
न्यूज सोर्स हरि साहू जिला मीडिया प्रभारी
रायसेन