सड़क-नाली न बनने से आक्रोशित वार्डवासियों ने नप कार्यालय में जड़ा ताला, पुलिस हस्तक्षेप के बाद मामला शांत
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज नगर के वार्ड 5, कुम्हार मोहल्ले के निवासियों ने सड़क और नाली निर्माण की अपनी लंबित मांग पूरी न होने पर नगर परिषद (नप) कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला डाल दिया। इस घटना से कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों को अंदर ही बंद रहना पड़ा। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
वार्डवासियों का आरोप है कि वे पिछले दो सालों से लगातार नप प्रशासन से अपने वार्ड में पक्की सड़क और नाली बनाने का निवेदन कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। वार्ड 5 में दर्जनों ऐसे परिवार हैं जिन्हें मूलभूत सुविधाओं के तौर पर पक्की सड़क और नाली की सख्त ज़रूरत है। जिसको लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं और पुरुष अपनी मांग को लेकर नप कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों की अनुपस्थिति से उनका गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य दरवाजे पर ताला जड़कर धरने पर बैठ गए। वार्डवासियों के इस कदम से नप कर्मचारी सकते में आ गए। पुलिस प्रशासन के मौके पर पहुंचने और हस्तक्षेप के बाद ही मामला शांत हो सका। पुलिस के आश्वासन पर वार्डवासियों ने ताला खोला। इसके बाद कस्बा पटवारी कपिल विश्वकर्मा ने तत्काल मौके का मुआयना करने वार्ड में पहुंचे।

विवाद के कारण उलझा है निर्माण कार्य
बताया जा रहा है कि वार्ड 5 में जिस स्थान पर सड़क और नाली का निर्माण होना है, वहां एक अन्य व्यक्ति अपना आधिपत्य बता रहा है। इस वजह से वार्ड में आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। वार्डवासियों का कहना है कि यह रास्ता 50 साल पुराना है, जो 7 फीट चौड़ा और 80 फीट लंबा है, और वे इसे दशकों से उपयोग कर रहे हैं। वार्ड में रहने वाले एक दर्जन से अधिक परिवारों के लिए यह एकमात्र रास्ता है। वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने इस विवाद के निपटारे के लिए नप प्रशासन को दर्जनों बार लिखित आवेदन दिए हैं, लेकिन प्रशासन इस मामले को सुलझाने में नाकाम रहा है।
इस संबंध में नप सीएमओ सुधीर उपाध्याय का कहना है कि मौका स्थल का परीक्षण करने के बाद जल्द ही समस्या हल की जाएगी। इसके लिए राजस्व विभाग का सहयोग लिया जा रहा है।