सिलवानी के घने जंगलों में अचानक उठी आग की लपटों से इलाके में हड़कंप,कड़ी मशक्क्त ले बाद आग पर पाया काबू
उवेश खान सिलवानी रायसेन
रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के घने जंगलों में अचानक उठी आग की लपटों ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रतापगढ़ इलाके के ग्राम पंचायत चैनपुर के गोटोरी गांव के जंगल में आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। जंगल के भीतर से उठता काला धुआं आसमान में घनी चादर की तरह फैल चुका था, हर तरफ अफरातफरी थी। सिलवानी थाने की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची! लेकिन हालात इतने गंभीर थे कि दमकल कर्मियों को आग तक पहुंचने के लिए भी संघर्ष करना पड़ा। दो फायर ब्रिगेड वाहनों के साथ चालक भगवान दास विश्वकर्मा, रईस मंसूरी और सहायक रितेश एवं अवधेश सपेरा ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाल लिया।

लपटों के बीच खड़े होकर, धुएं से घिरे इन बहादुरों ने चार से पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत की और आखिरकार इस आग पर काबू पा लिया। गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगना कोई नई बात नहीं, लेकिन अगर इसे वक्त रहते रोका न जाए तो यह हरी-भरी ज़िंदगी को राख में तब्दील कर सकती है। आग की तपिश ने जंगल की शांति को झुलसा दिया। प्रशासन ने चेतावनी जारी कर ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी दें, क्योंकि एक छोटी सी चिंगारी भी विनाश का कारण बन सकती है।