अनुराग शर्मा सीहोर
प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री व जिले की इछावर विधानसभा सीट से विधायक करण सिंह वर्मा द्वारा राजनीतिक सन्यास की घोषणा के बाद से पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल के समर्थक फीलगुड महसूस कर रहे हैं। दरअसल, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल इछावर विधानसभा सीट से तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें उन्हें एक बार सफलता मिली, जबकि दो बार असफलता का सामना करना पड़ा। हालांकि तीनों ही बार चुनाव दिलचस्प रहा।
राजनीतिक गलियारों में इछावर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान विधायक करण सिंह वर्मा के बाद दूसरे नंबर के नेता के रूप में पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल के नाम की चर्चा होती है। दोनों ही जनप्रतिनिधि खाति से समाज से आते हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में खाति समाज की संख्या भी बाहुल्य हैं। ऐसे में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा द्वारा की गई राजनीतिक सन्यास की घोषणा ने विधानसभा क्षेत्र में सियासी चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

नहीं लडूंगा अगला चुनाव
बीते गुरुवार को इछावर विधानसभा क्षेत्र में मुक्तिधाम भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे 68 वर्षीय करण सिंह वर्मा ने कहा कि घुटनों में दर्द रहता है, जांच कराई है, डॉक्टर ने ऑपरेशन करवाने के लिए कहा है। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आखिरी समय तक आपकी सेवा करता रहूंगा, आगे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा। मैं इछावर को सुंदर बनाऊंगा, अंतिम सांस तक काम करुंगा।