– गैरतगंज में श्रीराम कथा के चौथे दिवस हुए प्रवचन, विधायक डा. प्रभुराम चौधरी हुए शामिल
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
समाज में परंपराओं और संस्कारों का कम होना चिंताजनक है। प्राचीन सांस्कृतिक मूल्यों की शिक्षा हमें श्रीराम कथा से मिलती है। इसी के साथ हमें अनुशासित होना भी आवश्यक है। श्रीराम कथा से प्रेरणा लेकर इसका सुधार करें।
नगर के खेड़ापति माता मंदिर रोड स्थित मानस प्रांगण में चल रही श्रीराम कथा के चतुर्थ दिवस की बेला में प्रयागराज उप्र से पधारे मानस कथा प्रवक्ता आचार्य शांतनु महाराज ने प्रवचन देते हुए यह बात कही। चतुर्थ दिवस के आयोजन में क्षेत्रीय विधायक डा. प्रभुराम चौधरी शामिल हुए तथा उन्होंने भगवान की पूजा अर्चना कर आरती की। कार्यक्रम का आयोजन श्रीरामचरित मानस सांस्कृतिक कल्याण समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है।

कथा में प्रवचन देते हुए मानस विद्वान आचार्य शांतनु महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा का केवट प्रसंग हमें सनातन के प्राचीन सांस्कृतिक मूल्यों, परंपराओं और संस्कारों की शिक्षा देता है। मानव समाज आज इन मूल्यों को खोता जा रहा है। तत्काल आवश्यकता है कि हम इनकी पुनर्स्थापना करें तथा अपने जीवन को सुखमय बनाएं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि सौभाग्य है कि अयोध्या में बने नवीन भव्य श्रीराम मंदिर की वर्षगांठ पूरा देश मना रहा है तथा ऐंसे में महाकुंभ की धरती प्रयागराज से आए विद्वान गैरतगंज में श्रीराम कथा कर रहे हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें। कथा के चतुर्थ दिवस प्रवचन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रभर के श्रद्धालु महिला एवं पुरूष शामिल हुए। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक मानस प्रांगण में चल रहा है।