अनुराग शर्मा सीहोर
एक दिन बाद ही यानि 8 अक्टूबर को जिले की बुदनी विधानसभा के भैरुंदा में सीएम डॉ. मोहन यादव, भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश सरकार के अनेक मंत्री पहुंच रहे हैं। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को लाभांवित किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद किसी भी दिन बुदनी उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो जाएगा। सीएम-पूर्व सीएम के इस दौरा कार्यक्रम की वजह से बुदनी के स्थानीय नेताओं की टेंशन बढ़ गई है। दरअसल बीते एक पखवाड़े में बुदनी विधानसभा क्षेत्र में किसानों के तीन बड़े आंदोलन हुए। इसमें एक कांग्रेस के बैनरतले, जबकि दो स्वयं किसानों के रहे। इनमें से दो आंदोलन में किसान हजारों की संख्या में टै्रक्टर ट्राली लेकर पहुंचे, एक जबकि एक आंदोलन मशाल जुलूस का रहा। अब बुदनी के स्थानीय बीजेपी नेताओं की टेंशन यही है कि सीएम-पूर्व सीएम के कार्यक्रम में बीते आंदोलन की तुलना मेंं अधिक किसान आना चाहिए, तब तो यह कार्यक्रम सफल माना जाएगा। फिलहाल इस कार्यक्रम ने स्थानीय बीजेपी नेताओं की नींद उड़ा रखी है।