– रात की घटना, सुबह राहगीरों ने देखा
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज तहसील मुख्यालय से 5 किमी दूर भोपाल सागर मार्ग पर मनकापुर टर्निंग के पास एक बाइक सवार सड़क के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसकी बाइक पहले बिजली के पोल से टकराई तथा बाद में मोबाइल टावर के पास खंती में गिर गई जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
गैरतगंज से भोपाल की ओर जा रहे बाइक सवार युवक छीरखेड़ा गांव निवासी सौरभ गौर पिता रामकेश गौर उम्र 24 वर्ष की बाइक एमपी 04 क्यूवी 4706 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना बुधवार गुरुवार दरमियानी रात की है।

मनकापुर टर्निंग पर सड़क मार्ग के पास वह बिजली के पोल से टकराकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह पोल के बाद मोबाइल टावर में घुसकर खेत में बनी खंती में जा गिरा। घटना देर रात की होने के कारण इसका किसी को पता नहीं चल पाया। गुरुवार की सुबह जब खेत मालिक और राहगीरों ने देखा तो पुलिस को घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को ग़ैरतगंज अस्पताल पहुंचाया जहां पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंपा गया।