स्वतंत्रता दिवस पर होंगे राज्य स्तरीय कार्यक्रम , मुख्यमंत्री लाल परेड मैदान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे
से देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समत्व भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2023 का राज्य स्तरीय कार्यक्रम गरिमापूर्ण और देशभक्तिपूर्ण हो। मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड मैदान पर होगा। प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो। स्वतंत्रता दिवस पर बेहतर साज-सज्जा हो। कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं।
मुख्यमंत्री 15 अगस्त को लाल परेड मैदान पर प्रात: 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद राज्य की जनता के नाम संदेश देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर उनके द्वारा दिए जाने वाले संदेश के लिए विभागों से जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ जनता से भी सुझाव भी मांगे जाएं। उनके सुझावों को भी संदेश में शामिल किया जाए। जिला मुख्यालयों पर भी स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम जन समारोह बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्ग एवं प्रमुख नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह और कार्यक्रमों का निमंत्रण दिया जाए। हर जिले में स्वतंत्रता दिवस पर उत्साह से भरा हुआ आयोजन हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के निमंत्रण कार्ड जल्द छपवाकर सम्मानपूवर्क बंटवाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता समारोह में स्वच्छता, पर्यावरण, गरीबों के हित में काम करने वाले, खेलकूद एवं मेरिट में आए विद्यार्थियों को जरुर आमंत्रित किया जाए। उन्होंने ये निर्देश दिए की14 एवं 15 अगस्त की रात्रि में शासकीय भवनों पर रंगबिरंगी प्रकाश व्यवस्था हो। 15 अगस्त को रवींद्र भवन में शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।