लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित ‘प्रमुख नागरिक गोष्ठी’ में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री
रीवा। कृष्ण राज कपूर ऑडिटोरियम रीवा में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान’ अंतर्गत ‘प्रमुख नागरिक गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर और मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण व नमन करके की गई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के साथ सांसद श्री जनार्दन मिश्र, मनगवां विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

संबोधन के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कांग्रेस और विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि देश में जनता के जनादेश का लगातार अपमान करने और अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी हार स्वीकार करने के बजाय निराधार सवाल उठाती है, जबकि जनता देश के विकास और मजबूत नेतृत्व के साथ है। श्री शुक्ल ने केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि विंध्य क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाले बाणसागर बांध और सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार के लिए लंबे समय तक मौका मिलने के बावजूद पिछली सरकारों ने काम नहीं किया।

ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन और रीवा में हवाई अड्डे के निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुए हैं, जिससे आज हजारों लोग लाभ उठा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में रीवा में जिला अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के जरिए नागरिकों को उच्च स्तर की चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। आज रीवा में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के साथ ही 2047 तक ‘विकसित भारत’ और वैश्विक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सेमीकंडक्टर जैसे बड़े और भारी-भरकम निवेश वाले प्लांट अब भारत में लग रहे हैं, जो ‘मेक इन इंडिया’ की सबसे बड़ी सच्चाई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, न्यायपालिका, कार्यपालिका और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनता की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि जब-जब व्यवस्थापिका से जुड़े लोग अपने रास्ते से भटकते हैं, तब-तब देश की जनता चुनावों के माध्यम से उन्हें सबक सिखाती है। उन्होंने आपातकाल और इतिहास का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता जब परिवर्तन का मन बनाती है, तो बड़े-बड़े दिग्गजों को भी हार का सामना करना पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता मौजूद रहे।