मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल, एम्बुलेंस भी नहीं पहुंच पा रही; विद्यार्थी रोज जोखिम उठाकर कर रहे आवागमन
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के सत्ती से केमखेड़ी को जोड़ने वाला मार्ग बारिश के बाद दलदल में तब्दील हो गया है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और फिसलन होने से करीब छह गांवों के ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। हालात यह हैं कि दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं, वहीं गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। आपात स्थिति में एम्बुलेंस तक गांवों में पहुंचना मुश्किल हो गया है।
विद्यार्थियों की भी बढ़ी परेशानी
सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। सत्ती, केमखेड़ी सहित आसपास के गांवों के विद्यार्थी रोज इसी मार्ग से पीएम श्री हाई स्कूल सेमरा और पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज पहुंचते हैं। बारिश के दौरान मार्ग पर इतना कीचड़ हो जाता है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को रोज इस दलदल से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। जिससे रोजाना विद्यार्थियों के कपड़े जूते गंदे हो जाते हैं कई बार तो विद्यार्थी इस दलदल में गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
मुरम डलवाई, बारिश में फिर दलदल बना मार्ग
ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। कुछ दिन पहले सेमरा पंचायत के सरपंच भानु लोधी ने मार्ग पर मुरम डलवाई थी, लेकिन बारिश के बाद मुरम भी कीचड़ में मिल गई और मार्ग फिर दलदल में बदल गया। इससे समस्या और बढ़ गई है।

दो पंचायतों की सीमा में आने से अटका काम
यह मार्ग सेमरा और अंबाडी दोनों पंचायतों की सीमा में आता है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी वजह से सड़क का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मुरम और गिट्टी डालकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के साथ ही स्थायी सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
कई गांवों को मिलेगी राहत : सरपंच
अंबाडी की सरपंच कुंती रमेश कुमार अहिरवार ने बताया कि यदि यह मार्ग बन जाता है तो आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने अब प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का सवाल—आखिर कब बनेगी सड़क?
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के हर मौसम में उन्हें इसी परेशानी से गुजरना पड़ता है। सड़क खराब होने से स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर मरीजों तक को परेशानी उठानी पड़ती है। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान गांवों का संपर्क बाधित न हो।
इनका कहना हे
कुछ दिन पहले केमखेड़ी से सत्ती गांव तक मेरे द्वारा 50 हजार रुपए की लागत से रास्ते में मुरम डलवा दी गई थी। बारिश में बड़े वाहन निकलने के कारण रास्ता दलदल के रूप में बदल गया। जिससे ग्रामीणों की समस्या और बढ़ गई है।
भानु लोधी सरपंच सेमरा