मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को करीब तीन से चार घंटे तक रिमझिम बारिश का दौर चला। करीब 15 दिन बाद हुई बारिश से किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई। वहीं, उमस भरी गर्मी से परेशान ग्रामीणों को भी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
अंबाडी में जल निकासी की खुली पोल
अंबाडी में गुरुवार को करीब तीन घंटे हुई बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। संजय साहू और महेश शर्मा के घरों के सामने पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण करीब एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया। बारिश का पानी घरों तक पहुंचने से परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों घरों के सामने पिछले कई महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों की बार-बार शिकायत के बाद कुछ दिन पहले रोड ठेकेदार द्वारा यहां करीब 30 मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। इसके बाद एक दिन पहले ही सड़क के दोनों ओर साइट भराई का काम भी किया गया था।
लेकिन सड़क निर्माण और साइट भराई के बाद हुई पहली बारिश में ही जल निकासी की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई। महज तीन घंटे की बारिश के बाद सड़क किनारे पानी जमा होने लगा और देखते ही देखते पानी का स्तर एक से डेढ़ फीट तक पहुंच गया। पानी घरों तक पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई।

जेसीबी से कराई पानी की निकासी
जलभराव की जानकारी मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल जेसीबी बुलाकर पानी की निकासी के लिए रास्ता बनवाया। इसके बाद जमा पानी बाहर निकाला गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
नई सड़क के बाद भी समस्या बरकरार
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जलभराव की समस्या झेल रहे लोगों को उम्मीद थी कि सीसी रोड बनने के बाद इसका स्थायी समाधान हो जाएगा। लेकिन सड़क निर्माण और साइट भराई के बाद हुई पहली बारिश ने ही जल निकासी की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण के साथ पर्याप्त नाली और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान दोबारा घरों के सामने जलभराव की स्थिति न बने।