– संगीतमय आरती, नृत्य-नाटक और मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ मनाई गई जन्माष्टमी
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था एच.पी. पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, गैरतगंज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। स्कूली बच्चे भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के आकर्षक परिधानों में विद्यालय पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण ब्रज की झलक प्रस्तुत करता दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संचालक सुभाष श्रीवास्तव द्वारा भगवान राधा-कृष्ण के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। मंच संचालन कर रहे विनोद रजक ने सभी बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों के महत्व की जानकारी दी।
इसके पश्चात विद्यालय के अंग्रेजी माध्यम एवं हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने नृत्य, नाटक एवं श्रीकृष्ण की लीलाओं का सुंदर मंचन कर सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से ‘कृष्ण जन्म’, ‘माखन चोरी’ एवं ‘कालिया मर्दन’ जैसी लीलाओं का प्रस्तुतीकरण आकर्षण का केंद्र रहा।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता से पूर्व राधा-कृष्ण की संगीतमय आरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोग स्वयं को झूमने से नहीं रोक सके और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस संगीतमय आरती में विद्यालय के संगीत शिक्षक मोहित शर्मा एवं हरिओम सेन के साथ छात्र-छात्राओं—फाल्गुनी चंद्रवंशी, शिवांश गुर्जर, श्याम दांगी, हिमांशु व्यास, अनुराधा विश्वकर्मा, गौरी दांगी, राधिका दांगी—ने भजनों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का जोश देखते ही बनता था और मटकी फूटते ही पूरे परिसर में खुशी और उल्लास का माहौल छा गया। पूरा आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।