रायसेन जिले के उदयपुरा तहसील क्षेत्र का मामला
शराब ठेकेदार के फार्महाउस पर किया दुश्कर्म
– विजय सिंह राठौर रायसेन
रायसेन जिले के उदयपुरा तहसील क्षेत्र से इंसानियत और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिस युवक को नाबालिग पिछले 5 सालों से सगा भाई मानकर रक्षाबंधन पर राखी बांधती आ रही थी, उसी भाई ने रक्षाबंधन से ठीक पहले अपने साथी के साथ मिलकर पीड़िता की आबरू को नीलम कर दिया। पीड़िता ने उदयपुरा पुलिस पर मामला दबाने और गलत रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगाते हुए अब SP रायसेन की चौखट पर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने एसपी को दिए आवेदन की जानकारी के अनुसार, घटना 15 अगस्त की है। उदयपुरा के वार्ड क्रमांक 06 की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग को उसी के मोहल्ले में रहने वाले मुँह बोले भाई गुफरान मंसूरी ने फोन कर धोखे से बुलाया। गुफरान ने युवती को झांसा दिया कि उससे एक लड़की मिलना चाहती है। 5 सालों से राखी बांधने के कारण नाबालिग ने उस पर अटूट विश्वास किया और रेस्टहाउस उदयपुरा पहुंच गई।
वहां पहले से मौजूद सफेद रंग की बोलेरो कार में गुफरान का साथी शिवराज दांगी भी मौजूद था। नाबालिग को ‘आगे लड़की से मिलाने’ का बहाना बनाकर आरोपी उसे सिलवानी रोड पर स्थित स्थानीय शराब ठेकेदार के ’28 एकड़’ फार्महाउस ले गए। आरोप है कि वहां नाबालिग के साथ मारपीट की गई और उसकी मर्जी के खिलाफ गलत काम किया गया। इस पूरी दरिंदगी के दौरान शिवराज ने अपने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। जब नाबालिग ने गुफरान से मदद की गुहार लगाई, तो उसने भी बचाने की बजाय दरिंदों का साथ दिया।
घटना के बाद पीड़िता जब शिकायत दर्ज कराने उदयपुरा थाने पहुंची, तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी सुनवाई करने के बजाय उसे बरेली थाने जाने की बात कहकर टाल दिया। जब पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ बरेली थाने पहुंची, तो वहां भी उसके साथ न्याय नहीं हुआ।
पीड़िता का आरोप है कि बरेली पुलिस ने उसकी बताई घटना के अनुसार रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आवेदन के मुताबिक, पुलिस ने ’28 एकड़ फार्महाउस’ की जगह रिपोर्ट में केवल ‘मकान’ और ‘खेत’ दर्शा दिया, ताकि मामला दबाया जा सके। वही पीड़िता को अब तक प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) की कॉपी भी मुहैया नहीं कराई गई है।
पीड़िता ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी शिवराज और गुफरान लगातार उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपी वीडियो वायरल कर बदनाम करने और कार से उड़ाकर जान से खत्म करने की धमकियां दे रहे हैं।
नाबालिग पीड़िता ने रायसेन एसपी से गुहार लगाई है कि उदयपुरा पुलिस को सख्त निर्देश दिए जाएं कि उसकी बताई सच्ची आपबीती के आधार पर मामला दर्ज हो, आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए और उसे एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराई जाए। इस घटना के सामने आने के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वही रायसेन एडिशन एसपी ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार मुख्य आरोपी शिवराज को कल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अब पीड़िता ने कुछ ओर तथ्यों को लेकर एसपी कार्यालय में आवेदन दिया है। जिसकी जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।