शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने अपनी दिनचर्या में योग को करें शामिल- स्वास्थ्य राज्यमंत्री
विश्व योग दिवस पर पर्यटन स्थल सांची में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ आयोजित
सी एल गौर रायसेन
विश्व योग दिवस के अवसर पर सांची स्थित बौद्ध स्तूप परिसर में स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, एसडीएम मनीष शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र छात्राओं तथा नागरिकों द्वारा एक साथ विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया गया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली और तनावपूर्ण वातावरण में योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बन सकता है। नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोग रहता है, मन शांत रहता है तथा कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।

उन्होंने छात्र–छात्राओं से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक और समग्र पद्धति है। कार्यक्रम स्थल पर एलइडी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम और उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में बच्चों एवं आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।