सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गैरतगंज द्वारा बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज़ उठाते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार नरेश सिंह राजपूत को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से गैस सिलेंडर, बिजली दरों एवं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव राय अधिवक्ता के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया कि देश एवं प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन बेहद कठिन बना दिया है। रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि एवं समय पर उपलब्धता की कमी से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बिजली की दरों में लगातार बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि से परिवहन महंगा हो गया है, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम नागरिक खुद को असहाय महसूस कर रहा है और उसकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग की है कि जनहित में गैस, बिजली एवं ईंधन की कीमतों में तत्काल कमी की जाए तथा आम जनता को राहत प्रदान की जाए। साथ ही आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
अंत में कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेगा
इस मौक़े पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।