सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज एवं देवनगर क्षेत्र में किसानों की विभिन्न समस्याओं और सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस एवं किसान कांग्रेस द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार व नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की।
ऋण जमा करने की तिथि बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में प्रमुख रूप से सोसायटी ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड केसीसी की राशि जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जहां एक ओर गेहूं खरीदी 1 अप्रैल से शुरू हो रही है, वहीं उससे पहले ही किसानों पर कर्ज जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जो अन्यायपूर्ण है। उन्होंने ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 मई 2026 करने की मांग की, ताकि किसान अपनी उपज बेचकर कर्ज चुका सकें और 0 प्रतिशत ब्याज योजना का लाभ ले सकें।
सोयाबीन किसानों की समस्या भी उठाई
गेहूं का समर्थन मूल्य 4000 रूपये प्रति क्विंटल किया जाए,
किसान कांग्रेस ने सोयाबीन किसानों को उचित मूल्य न मिलने का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार द्वारा टैक्स फ्री सोयाबीन तेल आयात पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि विदेशी आयात के कारण स्थानीय किसानों को नुकसान हो रहा है।
फसल नुकसान पर मुआवजा और समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में ओलावृष्टि एवं प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों का तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा एवं फसल बीमा का लाभ देने की मांग की गई। साथ ही गेहूं के समर्थन मूल्य को बढ़ाने की मांग भी उठाई गई।
अन्य प्रमुख मांगें
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि मंडियों में तौल में गड़बड़ी करने वाले व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई, पराली जलाने के मामलों में निर्दोष किसानों पर कार्रवाई रोकने, बिजली विभाग द्वारा दर्ज कथित गलत प्रकरण वापस लेने तथा बैंकिंग व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
देवनगर क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था, ग्राम बनियाखेड़ी में सुरक्षित केबल लाइन डालने जैसी स्थानीय समस्याओं को भी ज्ञापन में शामिल किया गया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
गैरतगंज में तहसीलदार नरेश सिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपा गया, जबकि देवनगर में नायब तहसीलदार योगेश्वर भारतीय को ज्ञापन दिया गया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट संजीव राय, किसान कांग्रेस अध्यक्ष मेवाराम कुशवाहा, नगर अध्यक्ष मुकेश ठाकुर, देहगांव किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह धाकड़, शाहिद अंसारी, सुनील प्रकाश श्रीवास्तव, अरशद अंसारी युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष, फूल सिंह पटेल, लखन सिंह ठाकुर, नेमीचंद सतोरिया, राजदीप जैन मोहन जाटव, राजेश ठाकुर, शाहिद बिच्छू बीड़ी, अज्जू महाराज, हेमंत विश्वकर्मा, राजकिशोर राजपूत, कमलेश लोधी, दिलीप चंदेल, टिंकू साहू, अभिषेक यादव, राहुल धाकड़, रज्जन ठाकुर सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।