सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से सामने आए नाबालिग अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। तेज़ और सटीक कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी जयकुमार राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अपहृत नाबालिग बालिका को महाराष्ट्र के बुलढाना से सकुशल दस्तियाब कर सुल्तानगंज लाया गया है। फिलहाल बालिका का जिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायसेन के निर्देशन में एसडीओपी अनिल मौर्य ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया था। थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम ने लगातार सुराग जुटाए, तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला और आखिरकार महाराष्ट्र तक पहुंचकर इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
पुलिस ने मामले में अपहरण और दुष्कर्म जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश तेज़ी से जारी है, जिसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
गौरतलब है कि नाबालिग की सुरक्षित वापसी को लेकर शनिवार को साहू समाज ने सुल्तानगंज थाना परिसर में प्रदर्शन किया था। एसडीओपी अनिल मौर्य ने तीन दिन के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिलाया था, जबकि पुलिस टीम पहले ही गोपनीय मिशन पर महाराष्ट्र रवाना हो चुकी थी।