‘गण’ के लिए अच्छा काम करने वाले ‘तंत्र’ का गणतंत्र पर हुआ सम्मान
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शासकीय सेवा हो या समाजसेवा दोनों में ही सेवा भाव होना जरूरी है। कुछ लोग जिम्मदारियों को बोझ समझते हैं, वहीं कुछ लोग उन्हें अपना कर्तव्य समझते है। ऐसे ही कुछ कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी- कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस के समारोह में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित गया।
विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में तथा लोकतंत्र के लोकोत्सव भारत पर्व पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
बाल विवाह रोकथाम, बालकों के कल्याण एवं बेहतर भविष्य के लिए उत्कृष्ट कार्य करने एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बाल संरक्षण अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा को, कुपोषण उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए परियोजना शिवपुरी ग्रामीण की पर्यवेक्षक मंजू धाकड़ को, वन स्टॉप सेंटर में आने वाली हिंसा पीड़ित महिलाओं को जल्द राहत पहुंचाने एवं परामर्श के माध्यम से घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं के मामलों के निराकरण के लिए मोहिनी पुरोहित को सम्मानित किया गया।