सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
किसान संगठन गैरतगंज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में किसानों ने प्रशासनिक उपेक्षा और विभागीय लापरवाही पर रोष व्यक्त किया।
बैठक में प्रमुख रूप से बताया गया कि सोयाबीन भावान्तर की राशि अब तक कई किसानों के खातों में नहीं पहुंची है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वहीं हिनौतिया खालसा बांध का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा है, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग द्वारा कई किसानों पर झूठे प्रकरण बनाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक व आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही आवारा मवेशियों की समस्या पर प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि मंडी में अब तक धर्म कांटा स्थापित नहीं किया गया है, जिससे किसानों को तौल में परेशानी और नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन समस्याओं के अलावा अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। किसान संगठन गैरतगंज ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आगामी दिनों में पुनः बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा और किसानों के हक की लड़ाई को और तेज करेगा।