दो महिला शिक्षिकाओं सहित तीन शिक्षक और एक पटवारी शामिल, छह साल से चल रहा था गिरोह
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में धर्मांतरण कराने के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो महिला शिक्षिकाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन शिक्षक और एक पटवारी शामिल हैं। यह गिरोह बीते करीब छह वर्षों से भोले-भाले लोगों को आर्थिक प्रलोभन देकर धर्मांतरण करा रहा था।
कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी लोगों को धर्म परिवर्तन के बदले 25-25 हजार रुपये नकद, साथ ही अन्य सुविधाओं का लालच देते थे। पुलिस को लंबे समय से इस गतिविधि की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद जांच कर कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी योजनाबद्ध तरीके से ग्रामीण और कमजोर वर्ग के लोगों को निशाना बनाते थे। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।