सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज में सोमवार का दिन अध्यात्म और आस्था का अद्वितीय संगम बन गया। दिगंबर जैन समाज के दो प्रतिष्ठित संत प्रमाण सागर जी महाराज और श्रेयांश सागर जी महाराज का नगर में ऐतिहासिक मिलन हुआ। इनके साथ विहाररत संधान सागर महाराज जी और पांच छुल्लक जी का आगमन भी नगरवासियों के लिए सौभाग्य से कम नहीं था।
सुबह से ही सुल्तानगंज की गलियां और मार्ग भक्तिमय वातावरण से भर उठे थे। नगर के सर्व समाज तथा सकल दिगंबर जैन समाज ने संतों का फूलों की वर्षा, जयघोष और पारंपरिक वादन के साथ भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं की भीड़ इस पावन क्षण को देखने हेतु उमड़ पड़ी और हर चेहरा आनंद और श्रद्धा से दमक रहा था।
दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रमाण सागर जी महाराज द्वारा विश्व प्रसिद्ध ‘शंका समाधान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने जीवन, अध्यात्म और व्यवहार से जुड़े प्रश्न पूछे जिनका महाराजश्री ने सरल, सहज और सटीक उत्तर देकर सभी को संतुष्ट किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वह क्षण रहा जब नायब तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला ने बच्चों के भविष्य और शिक्षा से जुड़े प्रश्न रखे जिन पर महाराजश्री ने अत्यंत प्रेरक समाधान दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम सौरभ मिश्रा, थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। दोपहर 3 बजे प्रमाण सागर जी महाराज का सुल्तानगंज से विहार हुआ और उनका रात्रि विश्राम ग्राम सियरमऊ में निर्धारित है।सुल्तानगंज में हुआ यह दिव्य संगम नगरवासियों के हृदय में लंबे समय तक अमिट स्मृति बनकर रहेगा।