पुलिस टीम निकिता को लेकर रायसेन रवाना
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील मुख्यालय से बीती 18 अगस्त को लापता हुई 23 वर्षीय निकिता लोधी को रायसेन पुलिस ने पंजाब से बरामद कर लिया है। घटना के दिन निकिता कॉलेज की फीस जमा करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी थी। बाद में परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट गैरतगंज थाने में दर्ज कराई थी।
कैसे मिली पुलिस को सफलता?
निकिता के लापता होने के बाद, पुलिस ने उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू की। उसकी मोबाइल लोकेशन लगातार बदल रही थी, जिससे उसे ढूंढना मुश्किल हो रहा था। आखिरकार, बुधवार को जब उसकी लोकेशन पंजाब में मिली, तो रायसेन पुलिस की एक टीम तुरंत वहां के लिए रवाना हुई। टीम ने पंजाब के संगरूर जिले के समंदरगढ़ गांव में निकिता को सुरक्षित ढूंढ लिया।
कैसे हुआ था दोनों का संपर्क?
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय के मुताबिक, निकिता ने जिस युवक से शादी की है, वह पंजाब से हार्वेस्टर चलाने के लिए रायसेन आता था। इसी दौरान दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। जब निकिता 18 अगस्त को घर से निकली, तो कुछ सीसीटीवी फुटेज में वह उस युवक के साथ दिखी थी।
पुलिस टीम ने किया बरामद
पुलिस ने निकिता को पंजाब में उसके पति संदीप सिंह (28) के साथ पाया। संदीप समंदरगढ़, संगरूर का रहने वाला है। दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली है। पुलिस टीम में युवक के जीजा की निशानदेही पर इन्हें पकड़ा। पुलिस की टीम निकिता को लेकर रायसेन के लिए रवाना हो चुकी है। इस पूरी कार्रवाई में गैरतगंज पुलिस के साथ पंजाब पुलिस की टीम भी शामिल थी।
इस तरह बदली अलग अलग लोकेशन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक निकिता 18 अगस्त को गैरतगंज से बस पकड़कर भोपाल के लिए रवाना हुई वहां से वह महाराष्ट्र प्रान्त पहुंची यहां उसने मोबाइल बंद कर लिया तथा हैदराबाद की ट्रेन पकड़ ली। हैदराबाद पहुंचने पर निकिता का प्रेमी युवक संदीप उसे मिल गया तथा वहां से वह पंजाब के लिए रवाना हो गई। तथा मंदिर में शादी रचा ली। इसके बाद दोनों युवक के जीजा संदीप सिंह के घर पनाह मांगने गए पर उसने उन्हें भगा दिया। बाद में दोनों समन्दरगढ़ में एक मकान में रहने लगे। जहां से पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इस पूरी कार्यवाही में गैरतगंज पुलिस टीम में गढ़ी चौकी प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा, आरक्षक भारत दांगी सिंह, थाना धूरी एएसआई परमजीत सिंह शामिल रहे।