रायसेन में आज मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय कृषि मंत्री शहरी सर्वेक्षण कार्यक्रम ‘‘नक्शा‘‘ का करेंगे शुभारंभ
भू-सूचना में सटीकता और भूमि प्रबंधन में पारदर्शिता हेतु शुरू होगा एक वर्षीय राष्ट्रव्यापी पायलट प्रोग्राम ‘नक्शा’
रायसेन।रायसेन स्थित दशहरा मैदान में 18 फरवरी 2025 को प्रातः 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तथा केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में भारत सरकार के भूमि संसाधन विभाग अंतर्गत शहरी सर्वेक्षण कार्यक्रम ‘‘नक्शा‘‘ पायलट परियोजना का शुभारंभ तथा ‘‘वाटरशेड यात्रा‘‘ का मप्र में शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में केन्द्रीय ग्रामीण विकास तथा संचार राज्यमंत्री डॉ चन्द्रशेखर पेम्मासानी, पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा तथा मत्स्य पालन एवं मछुआ कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार सहित विधायकगण और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम में ड्रोन की उड़ान के साथ शहरी सर्वेक्षण कार्यक्रम ‘‘नक्शा‘‘ का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया जाएगा। इसके उपरांत ‘‘वाटरशेड यात्रा‘‘ का हरी झण्डी दिखाकर मध्यप्रदेश में शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में मानक संचालक प्रक्रिया एसओपी पुस्तिका एवं नक्शा फ्लायर तथा नक्शा कार्यक्रम के वीडियो का विमोचन भी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भू-सूचना में सटीकता, भूमि प्रबंधन में पारदर्शिता हेतु ‘नक्शा’ के अंतर्गत एक वर्षीय राष्ट्रव्यापी पायलट प्रोग्राम 18 फरवरी से शुरू किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य भू-सूचना के माध्यम से भूमि प्रबंधन में सटीकता और पारदर्शिता लाना है। यह कार्यक्रम आधुनिक तकनीक और डिजिटल साधनों के माध्यम से नागरिकों को उनके भूमि रिकॉर्ड तक सरल और सुरक्षित पहुंच प्रदान करेगा। इस पायलट प्रोग्राम से भूमि विवादों में कमी आएगी और नागरिकों का विश्वास बढ़ेगा।