ग्वालियर। प्रदेश में फर्जीवाड़े के आए दिन अजब-गजब मामले सामने आते रहे हैं।इसी कड़ी में अब एक मामला ग्वालियर से सामने आया है। यहां दो भाई एक ही मार्कशीट पर 43 साल तक नौकरी करते रहे।एक शिकायत के बाद इस मामले का पर्दाफाश हो गया।
मामला ग्वालियर नगर निगम के सहायक वर्ग 3 के कर्मचारी कैलाश कुशवाह का बताया जा रहा है, जिसने अपने भाई की अंक सूची लगाकर यहां नौकरी हासिल की और 43 साल तक ठाट से नौकरी भी करते रहे।शिकायत के बाद कुशवाह के खिलाफ यूनिवर्सिटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
एडिशनल एसपी ऋषिकेश मीणा ने बताया कि मुरैना निवासी कैलाश कुशवाह और रणेंद्र कुशवाह दोनों भाई कर्मचारी हैं। एक ने दूसरे की मार्कशीट का उपयोग कर सालों तक लाभ उठाया। निगम में पूर्व से भी इस पर कार्रवाई चल रही है।अब गिरफ्तारी के लिए टीम भी गठित कर दी गई है। बताया जाता है कि अब इन्हें जेल की रोटियां भी तोड़ना पड़ सकती है। कैलाश ने यह नौकरी जून-1981 में हासिल की थी किसी अशोक कुशवाह नामक व्यक्ति ने इस मामले की शिकायत की, जिसके बाद मामले का भंडाफोड़ हुआ।