इमलिया चौकी प्रभारी ने दूसरी बार मिलाया बिछड़े परिवार को
रिपोर्ट धीरज जॉनसन,दमोह
दमोह जिले के जबेरा क्षेत्र अंतर्गत सिग्रामपुर के निकट ग्राम गैलपुरा से 14 साल पहले गुम हुई महिला कमलरानी गुजरात में मिली जिसे जिले में ढूंढने में इमलिया चौकी प्रभारी आनंद कुमार की सराहनीय भूमिका रही।
पिछले दिनों कच्छ, गुजरात के एक आश्रम से महिला की तस्वीर आनंद कुमार को भेजी गई, जिसके साथ यह जानकारी भी सामने आई कि महिला मानसिक रूप से थोड़ी अस्वस्थ थी पर सिग्रामपुर नाम बताती है। आनंद कुमार को महिला को जिले में ढूंढने का कार्य सौंपा गया क्योंकि कुछ दिन पहले भी इन्होंने दमोह की एक महिला का पता ढूंढा था जो उड़ीसा से ट्रेन से दमोह वापस आते समय गंतव्य तक न पहुंचकर गुजरात चली गई थी उस समय भी वहां के एक एनजीओ ने दमोह पुलिस से संपर्क किया था।
उक्त मामले में भी महिला की फोटो सोशल मीडिया व अन्य माध्यम से सम्पूर्ण जिले में भेजी गई थी जिसके बाद सिग्रामपुर क्षेत्र से उनके परिजनों की जानकारी मिली जिन्होंने पहचाना और गुजरात से लेकर आए।
महिला के पति चंदू, उनका लड़का और एक परिजन उन्हें लेने गुजरात गए थे जो काफी खुश थे और पुलिस और एनजीओ को धन्यवाद दे रहे थे। जिन्होंने बताया मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, 14 साल पहले खो गई थी,कुछ साल तो ढूंढा पर गांव के एक पंडा के कहने पर तेरहवीं कर दी थी, अब मिल गई है सब बहुत खुश है रिश्तेदार भी घर आए हुए है।
इमलिया चौकी प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि करीब 10 दिन पहले गुजरात से एक एनजीओ ने संपर्क किया फोटो भेजी और महिला द्वारा उच्चारित ग्राम का नाम बताया जिस आधार पर उनके परिवार को ढूंढा गया जो अब बहुत प्रसन्न है।